सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। जिले में आयोजित सीजन-3 रास गरबा महोत्सव 2026 में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 17 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने श्रद्धालुओं और नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नारायणपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से जुड़े सवाल पूछे गए।
क्विज में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने उपहार देकर प्रोत्साहित किया। इस पहल के माध्यम से मनोरंजक गतिविधि के जरिए लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने का संदेश दिया गया।
नारायणपुर पुलिस द्वारा विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने यह भी कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




