सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चन्द्राकर के मार्गदर्शन में यातायात शाखा, जिला नारायणपुर द्वारा जिला परिवहन संघ के पदाधिकारियों एवं ट्रक संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह, एसडीओपी बेनूर अविनाश कंवर, एसडीओपी छोटेड़ोगर श्री मनोज मण्डावी एवं यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने, मालवाहक ट्रकों के व्यवस्थित संचालन, पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा परिवहन संघ के पदाधिकारियों एवं ट्रक संचालकों को आम नागरिकों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश
1. नो-एंट्री का पालन अनिवार्य
निर्धारित नो-एंट्री समय में मालवाहक ट्रकों का प्रवेश एवं संचालन प्रतिबंधित रहेगा। सभी ट्रक संचालक एवं वाहन चालक नो-एंट्री नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
2. रेमावण्ड में सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े करने पर सख्त कार्रवाई
रेमावण्ड में सड़क के दोनों तरफ मालवाहक ट्रक खड़े न करें। इससे यातायात बाधित होने के साथ जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वाहन निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
3. गड़बेंगाल चौक पर वन-वे व्यवस्था का पालन करें
गड़बेंगाल चौक पर निर्धारित वन-वे व्यवस्था के अनुसार ही वाहनों का आवागमन एवं पार्किंग सुनिश्चित करें। सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े कर जाम की स्थिति निर्मित न करें। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।
4. शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
सभी वाहन चालक शराब अथवा किसी भी मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। नारायणपुर से कोंडागांव मार्ग पर किसी भी स्थान पर वाहन चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच की जा सकती है। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर चालान एवं ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे मामलों में परिवहन संघ द्वारा भी अपने स्तर पर संबंधित चालक को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
5. रात में शराब की तलाश में घूमने एवं घरों के दरवाजे खटखटाने से बचें
कुछ वाहन चालकों द्वारा रात के समय शराब की तलाश में घूमने तथा आम नागरिकों के घरों में जाकर दरवाजे खटखटाने संबंधी शिकायतें सामने आ रही हैं। सभी चालक ऐसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें। इस प्रकार के व्यवहार से आम नागरिकों को असुविधा होती है और पूरे परिवहन संघ की छवि प्रभावित होती है। सभी चालक स्थानीय नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें।
6. निर्माणाधीन सड़कों पर सावधानी बरतें
जिन मार्गों पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, वहां वाहन चालक धीमी गति से वाहन चलाएं तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं यातायात नियमों का पालन करें। निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही न बरतें, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
7. दो ट्रकों के बीच निर्धारित अंतराल रखें
मालवाहक ट्रकों को एक साथ बड़ी संख्या में सड़क पर रवाना न करें। दो ट्रकों के बीच पर्याप्त एवं निर्धारित सुरक्षित दूरी रखते हुए क्रमबद्ध तरीके से संचालन करें। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात सुचारू बना रहेगा तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला परिवहन संघ के पदाधिकारी श्री किशोर आर्य, श्री अमित भद्र, श्री मरण शील, श्री सुरेश यादव, श्री मनीष शोरी, श्री अरविंद वैष्णव, श्री मनतोष साहू एवं श्री सबू खान उपस्थित रहे।
नारायणपुर पुलिस की अपील
नारायणपुर पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित नो-एंट्री एवं वन-वे व्यवस्था का सम्मान करें तथा सड़क पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा का ध्यान रखते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।




