योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद। गरियाबंद जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। आज सुबह से ही पूरे जिले में आसमान में काले घने बादल छाए हुए हैं। हल्की हवाएं चल रही हैं और कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया है। अचानक बदले मौसम से आम लोगों के साथ-साथ किसानों की चिंता बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव आया है। मौसम विभाग ने गरियाबंद जिले के लिए अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि फुलझर, घटारानी, राजिम, पाण्डुका, फिंगेश्वर और छुरा सहित पूरे जिले में कहीं-कहीं तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
धान की फसल पर खतरा
इस समय जिले में धान की फसल पककर खेतों में खड़ी है और कई जगह कटाई भी शुरू हो गई है। ऐसे में तेज हवा और बारिश होने से फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फसल भीगने और गिरने से किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। किसान अपने खेतों की रखवाली में जुटे हैं और फसल को समेटने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासन ने की अपील
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे और कच्चे मकानों में न रहें। किसानों से भी अपील की गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें।
फिलहाल जिले में बादल छाए हुए हैं और कभी भी बारिश शुरू हो सकती है।




