रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के सेजेस माधवराव सप्रे उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक शाला, बूढ़ापारा में 27 अक्टूबर 2026 को ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश द्वितीय, FTSC (POCSO), रायपुर श्री गिरीश कुमार मण्डावी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, ऑनलाइन सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस दौरान बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों में जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में संस्था की प्राचार्या डॉ. श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव एवं श्री लेखराम यादव का विशेष सहयोग रहा। संपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता नीलम सोनी द्वारा किया गया।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और सुरक्षित बचपन के महत्व को समझने का संदेश दिया गया।




