रोहित गुमास की रिपोर्ट-
बीजापुर। जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम आवापल्ली में धनतेरस के पावन अवसर पर उत्साह, उमंग और खुशियों का माहौल देखने को मिला। दीपावली पर्व के शुभारंभ के साथ ही पूरे गांव में उत्सव की रौनक छा गई। घरों से लेकर बाजारों और मुख्य सड़कों तक दीपोत्सव की चमक दिखाई दी।
धनतेरस के अवसर पर सुबह से ही आवापल्ली के बाजारों में लोगों की चहल-पहल बनी रही। दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, मिठाइयां, पूजा सामग्री, दीपक, सजावटी सामान और दीपावली से जुड़ी अन्य वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने अपनी परंपरा और मान्यताओं के अनुसार खरीदारी कर धनतेरस का पर्व मनाया।
वहीं शाम होते ही ग्राम आवापल्ली का नजारा और भी मनमोहक हो गया। घरों के आंगन और द्वार पर दीप जलाए गए। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से घरों के साथ-साथ बाजार भी जगमगा उठे। मुख्य मार्गों पर दुकानों की रोशनी ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरों पर त्योहार की खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।


धनतेरस को सुख, समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी एवं भगवान कुबेर की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए आवापल्ली के लोगों ने भी श्रद्धा और उल्लास के साथ पर्व मनाया।
धनतेरस के साथ ही अब पूरे क्षेत्र में दीपावली की तैयारियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। घरों की साफ-सफाई, रंगोली, दीप सजावट और पूजा की तैयारियों में लोग जुटे हुए हैं। कुल मिलाकर धनतेरस के पावन अवसर पर ग्राम आवापल्ली दीपों की रोशनी, खुशियों और उत्साह से सराबोर नजर आया।





