सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : नारायणपुर जिले के ग्राम करलखा स्थित नंदी चौक मैदान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ पारंपरिक लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य राउत नाचा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण अंचल की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकजुटता और सनातन परंपराओं की मनोहारी झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ लघु वनोपज बोर्ड के अध्यक्ष रूपसाय सलाम उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में नारायणपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद नारायणपुर के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल शामिल हुए। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष गुलाबचंद बघेल, सर्व सनातन मंच के अध्यक्ष नारायण प्रसाद साहू बिन्देश पात्र प्रशांत यदु ग्राम पंचायत करलखा सरपंच रमशिला सलाम तथा यादव समाज के जिला अध्यक्ष जगन्नाथ यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर आयोजित राउत नाचा ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों की मधुर धुन और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। राउत नाचा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा एवं यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर अतिथियों ने गोवर्धन पूजा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस प्रकार के आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग, उत्साह और सहभागिता से कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्राम करलखा का नंदी चौक मैदान इस अवसर पर श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का साक्षी बना।







