रामेश्वर सिंह क्षत्रिय सुकली जांजगीर
जांजगीर-चांपा। लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा, बेलगाम महंगाई और आम जनता से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांजगीर ग्रामीण द्वारा 13 नवंबर को ग्राम कुटरा में सेक्टर स्तरीय ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान के तहत ग्राम चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेसजनों एवं ग्रामीणों ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
ग्राम चौपाल में चुनावी प्रक्रिया में कथित वोट चोरी, निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, लगातार बढ़ती महंगाई, आम आदमी की आर्थिक परेशानियों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने की मांग का समर्थन करते हुए लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजयप्रकाश तिवारी, मोतीलाल साहू, परमेश्वर निर्मले, भोलूमितेश यादव, दिनेश पाण्डेय, शांति कुमार साहू सहित सेक्टर के प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम प्रभारी एवं जिला कांग्रेस महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, जनता के अधिकारों की रक्षा और बेलगाम महंगाई के विरुद्ध संघर्ष केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनहित के प्रति कांग्रेस पार्टी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी ने तथ्यों और आंकड़ों के माध्यम से वोट चोरी एवं मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को देश के सामने रखा है। इन सवालों का जवाब देने के बजाय निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रही चिंताओं का समाधान नहीं होना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई का बजट बिगड़ चुका है, खाद्य पदार्थों, बिजली, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने मध्यमवर्गीय परिवारों, किसानों, मजदूरों और गरीबों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरकार की प्राथमिकता जनता को महंगाई से राहत देना होना चाहिए, लेकिन आम जनता अपने बुनियादी सवालों के जवाब तलाश रही है।
सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में जनता के विश्वास, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा से सुनिश्चित होती है। निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है, इसलिए उसकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सर्वोपरि होनी चाहिए। जनता के मन में उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना आयोग की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र में सत्ता से सवाल पूछना जनता का अधिकार है और उन सवालों का जवाब देना लोकतांत्रिक व्यवस्था का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल लोकतंत्र की सबसे सशक्त बुनियाद है, जहां आम नागरिक बिना किसी संकोच के अपनी बात रखता है। कांग्रेस पार्टी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गांव-गांव पहुंचेगी, जनता की समस्याओं को सुनेगी और उनकी आवाज को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी। वोट की रक्षा, संविधान की गरिमा और आम आदमी के अधिकारों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में ब्लॉक अध्यक्ष बबला महाराज ने ग्राम चौपाल के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों एवं उपस्थित कांग्रेसजनों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी धनसाय पटेल ने किया तथा आभार प्रदर्शन सेक्टर अध्यक्ष दिनेश पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ग्राम कुटरा, धनेली, मेहदा, भड़ेसर, कुथुर, दर्री एवं आसपास के गांवों से पहुंचे प्रमुख कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रामनारायण साहू, महेंद्र साहू, नाथूराम निर्मलकर, नेपाल राठौर, उम्मेद कश्यप, लक्ष्मण प्रसाद, अंजोर दास, लव कुमार साहू, देवीराम कश्यप, विक्का यादव, राजेश यादव, हेमंत पैगवार, पद्माकर कश्यप, धनपत खरे, धनपति करियारे, आनंद राम यादव, मनीराम, देवराम साहू, अश्वनी पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेसजन उपस्थित थे।
कांग्रेस का संकल्प स्पष्ट है—जनता के वोट की रक्षा, संविधान का सम्मान और महंगाई से राहत के लिए संघर्ष। यह लड़ाई किसी सत्ता की नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है।







