अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने दिसंबर 2026 में होने वाले नगरपालिकाओं के आम एवं उप निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने की समय-सारणी में आंशिक संशोधन किया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि अब 19 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आयोग के 13 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, मतदाता सूची एक अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग के पत्र पर विचार करते हुए आयोग ने द्वितीय चरण की कंडिका 15 से 20 तक के कार्यक्रम में बदलाव किया है। संशोधित समय-सारणी के तहत प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर होगी। इस प्ररूप में प्राप्त दावों का निराकरण 23 नवंबर तक किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियों के निराकरण आदेश के विरुद्ध आदेश पारित होने के पांच दिवस के भीतर अपील की जा सकेगी।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन संबंधी प्रकरणों की सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि 25 नवंबर तक की जाएगी। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा चेकलिस्ट की जांच करवाकर पीडीएफ मुद्रण के लिए जिला कार्यालय को सौंपने की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शेष कार्यक्रम यथावत रहेगा।







