कांदुल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांदुल में 14 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों, सांस्कृतिक आयोजनों और व्यंजन मेले के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत कांदुल के सरपंच पदुम लाल साहू ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान उन्होंने नेहरू जी के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान, प्रधानमंत्री के रूप में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों तथा बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों एवं चार्ट की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया। सरपंच ने बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अलग-अलग समूह बनाकर विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए और विद्यालय परिसर में व्यंजन मेले का आयोजन किया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के उत्साह में शामिल होकर मेले का आनंद लिया। इसके साथ ही कुर्सी दौड़ और मटका फोड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में संस्था की प्राचार्य यादव मैडम, प्रधान पाठक जेआर देवांगन, श्रीराम हदगईया, एमके सोनी, के. देशलहरा, एस. रावते, ए. गेनडरे, आशा वैष्णव, आरती साहू, पायल पवार, खुशबू चंद्राकर, नीता साहू, सुमन देवांगन, दीपिका देवांगन, नमिता साहू, दीप पॉल सहित एसएमडीसी सदस्य, पालकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन केपी साहू ने किया। पूरे आयोजन में बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और सभी ने बाल दिवस के इस विशेष अवसर का आनंद उठाया।







