दंतेवाड़ा, 16 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी 16 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। सभी केंद्रों में बारदाना, तौल मशीन, धान के सुरक्षित भंडारण, पेयजल, छायादार स्थान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। किसानों को धान विक्रय के लिए हरसंभव सहूलियत प्रदान किया जाए। उन्होंने खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा समस्याओं का तत्काल निराकरण करने और एग्रीस्टैक पंजीयन सहित धान खरीदी से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने बस्तर ओलंपिक की जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर कार्यक्रम को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा। बैठक में माननीय मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं निर्देशों के पालन, मानव अधिकार आयोग, उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय में लंबित प्रकरणों, मानसिक स्वास्थ्य, आवारा मवेशियों एवं आवारा कुत्तों के प्रबंधन, मुक्तिधाम की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न जनहित याचिकाओं की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के स्वीकृत कार्यों, डीएमएफ के पुराने निर्माण कार्यों को पूर्ण कर पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने, भूमि आबंटन एवं भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों तथा शासकीय भवनों की मरम्मत की प्रगति की जानकारी ली। पर्यटन विकास के अंतर्गत बारसूर एवं ढोलकल में संचालित कार्यों, प्लेनेटेरियम, बारसूर कॉटेज निर्माण, जल संरक्षण एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 (सेवा सेतु), जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, अपार आईडी, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड एवं छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं पुल निर्माण, श्यामगिरी-किरंदुल मार्ग तथा गीदम-बांगाबाड़ी सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। धान खरीदी सहित शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा नियमित निगरानी करते हुए प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा की बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







