जशपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने दुलदुला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 8.250 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में 32 वर्षीय आरोपी राजकुमार दानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को थाना दुलदुला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बंगुरकेला अखराडीपा निवासी राजकुमार दानी अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा है और उसे बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के मकान की तलाशी ली। इस दौरान घर के एक कमरे में रखी प्लास्टिक की बोरी से प्लास्टिक रैपर में बंधे गांजे के 8 पैकेट बरामद हुए। जांच में पैकेटों में गांजा पाया गया। पुलिस ने आरोपी से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 8.250 किलोग्राम गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मामले में थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी राजकुमार दानी (32 वर्ष), निवासी ग्राम बंगुरकेला अखराडीपा, थाना दुलदुला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र भगत सहित दुलदुला थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में दुलदुला क्षेत्र में 8 किलो से अधिक गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।







