योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद/छुरा/घटारानी
छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी में इन दिनों एक ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जिसे देखकर हर कोई मां घटारानी की महिमा का गुणगान कर रहा है। दिन में जंगली बंदर और रात में जंगली भालू मां के दरबार में प्रसाद खाने पहुंच रहे हैं।
राजधानी रायपुर से 70 किलोमीटर दूर राजिम क्षेत्र के छुरा विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलझर के घने वनों में मां घटारानी का मंदिर विराजमान है। ऊंची पहाड़ियों, घने जंगल और कल-कल बहते झरनों के बीच बसा यह धाम आस्था का बड़ा केंद्र है।
सावन और कुंवार महीने में यहां भव्य मेला लगता है। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। झरनों का मनोरम दृश्य और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को बरबस अपनी ओर खींच लाती है।
फुलझर घटारानी के वनों में तेंदुआ, भालू, बंदर और जंगली हाथी जैसे वन्य जीव विचरण करते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से यहां बंदर और भालू का मंदिर परिसर में आना आम बात हो गई है।

दिन के समय जंगली बंदरों का झुंड मंदिर परिसर और पार्किंग में पहुंच जाता है। बंदर पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर बैठकर श्रद्धालुओं के हाथ से प्रसाद और बिस्कुट लेकर बड़े आराम से खाते हैं। श्रद्धालु भी उन्हें प्रसाद खिलाकर खुद को धन्य समझते हैं।
वहीं जैसे ही रात का अंधेरा छाता है, जंगली भालू मंदिर परिसर की ओर आ निकलता है। भालू प्रसाद की तलाश में मंदिर के आसपास घूमता है और प्रसाद ग्रहण कर चुपचाप वापस घने जंगल की ओर लौट जाता है।
सबसे बड़ी बात यह है कि ये वन्य जीव किसी भी श्रद्धालु को नुकसान नहीं पहुंचाते। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मां घटारानी की कृपा ही है कि जंगल के जीव भी यहां शांत होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं।
मां घटारानी के दरबार में इंसान हो या बेजुबान जीव, सबकी झोली भर जाती है। तभी तो दूर-दूर से श्रद्धालु यहां मन्नतें लेकर आते हैं और मां सबकी मुरादें पूरी करती हैं।







