तमता । पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तमता और बालाझर के बीच स्थित पुलिया पर शनिवार सुबह सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने साइकिल से जा रहे दो नाबालिग बच्चों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बच्चे और बाइक चालक सड़क पर गिर पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बालाझर निवासी लक्ष्य सिंदार (14 वर्ष), पिता जगदीश तथा लीलाधर (13 वर्ष), पिता रघुनाथ शनिवार सुबह करीब 11 बजे साइकिल से अपने गांव बालाझर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तमता की ओर से पीछे आ रहे एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने पुलिया के ऊपर ही उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बच्चे सड़क पर गिर गए और बाइक सवार भी अनियंत्रित होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन दोनों घायल बच्चों को तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए। वहीं मोटरसाइकिल चालक को ग्रामीणों ने डायल 112 की मदद से पत्थलगांव सिविल अस्पताल भिजवाया।
बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति कांसाबेल क्षेत्र के चिड़ौरा गांव का निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चालक नशे की हालत में था और उसे होश भी नहीं था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लापरवाही से हो सकता था बड़ा हादसा
पुलिया के ऊपर हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क पर चलने वाले लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।







