योगेश्वर साहू की खास रिपोर्ट
रायपुर/गरियाबंद – छत्तीसगढ़ के मितानिन कार्यक्रम के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश भर में 23 नवंबर 2026 को मितानिन सम्मान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश के सभी सरपंचों और पंचों से अपील जारी की है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने अपील पत्र में कहा है कि प्रदेश की लगभग 72,000 मितानिन बहनों ने गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा छत्तीसगढ़ की जनता के स्वास्थ्य कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राज्य गठन के बाद प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उनमें मितानिन बहनों की मेहनत, समर्पण और सेवाभाव की अहम भूमिका रही है।
25 वर्ष पूर्व मितानिन बहनों ने मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों से अपने कार्य की शुरुआत की थी। समय के साथ-साथ उन्होंने मलेरिया, दस्त, टीबी एवं कुष्ठ रोग जैसी बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज वे मानसिक स्वास्थ्य, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति समुदाय को जागरूक करने, उचित सलाह देने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
मितानिन बहनें केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समुदाय तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। छत्तीसगढ़ के मितानिन कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर ही देशभर में आशा कार्यक्रम का विस्तार हुआ, जिसके अंतर्गत आज लगभग 10 लाख महिलाएं सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
स्वस्थ ग्राम पंचायत के निर्माण में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्राम पंचायत को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने के लिए बच्चों के स्वास्थ्य, गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल, पोषण, टीकाकरण, स्वच्छता तथा बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। शासन द्वारा स्वस्थ ग्राम पंचायत को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार की व्यवस्था भी की गई है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में पंचायत प्रतिनिधियों एवं मितानिन बहनों का आपसी समन्वय और सहयोग बेहद जरूरी है।
राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र, रायपुर के माध्यम से प्रतिवर्ष 23 नवंबर को प्रदेश में मितानिन सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाता है। मितानिन बहनें समुदाय के लिए कार्य करती हैं और ग्राम पंचायतें समुदाय की स्थानीय नेतृत्वकारी संस्था हैं। इसलिए मितानिनों के कार्यों को पहचानना, उनका उत्साहवर्धन करना और उन्हें सम्मान देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के समस्त सरपंचों एवं पंचगणों से आग्रह किया है कि दिनांक 23 नवंबर 2026 को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में मितानिन सम्मान दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में करें।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर मितानिन बहनों के सम्मान के साथ ही साथ उनके योगदान एवं उपलब्धियों को समुदाय के सामने साझा करें तथा स्वस्थ पंचायत के क्षेत्र में उनके कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करें।
अंत में उन्होंने कहा कि आइए, मितानिन कार्यक्रम के गौरवशाली 25 वर्षों के इस ऐतिहासिक अवसर पर हम सभी मिलकर अपनी मितानिन बहनों के प्रति आभार व्यक्त करें और स्वस्थ परिवार, स्वस्थ गांव एवं स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें।







