नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। जहरीले कीट के काटने से गंभीर रूप से प्रभावित 8 वर्षीय बच्चे को समय पर प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कर जवानों ने उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे ग्राम आदनार निवासी 8 वर्षीय आयुतु नुरेठी, पिता मंथु नुरेठी, जहरीले कीट के काटने से गंभीर रूप से प्रभावित हो गया। इसके बाद परिजन उसे चिकित्सा सहायता के लिए COB अड़नार लेकर पहुंचे।
बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां तैनात BSF की 129वीं वाहिनी के जवानों ने तत्काल मदद शुरू की। COB में मौजूद नर्सिंग असिस्टेंट ने बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।
इसके बाद जवानों ने बिना देर किए वाहन की व्यवस्था की और उसे एम्बुलेंस के रूप में इस्तेमाल करते हुए बच्चे को उसके पिता के साथ सिविल अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया। अस्पताल प्रबंधन से पहले ही समन्वय स्थापित किया गया, ताकि बच्चे को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
BSF जवानों की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता से बच्चे को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। इस सराहनीय पहल ने एक बार फिर साबित किया कि BSF केवल देश की सुरक्षा ही नहीं करती, बल्कि दुर्गम और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है।







