किरंदुल। एनएमडीसी परियोजना अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात महिला नर्स एवं अन्य महिला कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे मरीज के उपचार को लेकर अस्पताल में विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने ड्यूटी पर मौजूद महिला कर्मचारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया और उन्हें धमकाया।
घटना के बाद अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अस्पताल प्रबंधन के समक्ष शिकायत रखी। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।
महिला कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में दिन-रात मरीजों की सेवा करने वाले डॉक्टरों, नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित होना चाहिए।
अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में क्या सुधार किए जाते हैं।







