याद राम साहू
बेलौदी – ग्राम बेलौदी से ग्राम अरमरीकला तक 5.250 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग की बदहाली और निर्माण कार्य में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष श्री कचरू साहू, जनपद सदस्य पूर्णिमा साहू,ग्राम पंचायत बेलौदी के सरपंच कुमुदिनी साहू सहित ग्राम सतमरा, सियनमरा के ग्रामवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गुंडरदेही के नाम का ज्ञापन तहसीलदार श्री हनुमंत श्याम को सौंपकर तत्काल सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि बेलौदी-अरमरीकला मार्ग क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है, जो मोखा से करहीभदर को जोड़ता है। इसके अलावा बेलौदी से सिकोसा एवं अरमरीकला होते हुए गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग तक पहुंचने का यह प्रमुख रास्ता है। वर्तमान में यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन बेहद खतरनाक हो जाता है।
इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और दुर्घटनाओं में लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग और प्रशासन की उदासीनता समझ से परे है। क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना या और अधिक जनहानि का इंतजार कर रहा है?
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि इसी मार्ग से बेलौदी एवं आसपास के गांव के स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। वहीं किसानों को अपनी उपज धान खरीदी केंद्र तक पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खराब सड़क के कारण न केवल आम नागरिकों का जीवन जोखिम में है, बल्कि किसानों की आर्थिक गतिविधियां और विद्यार्थियों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण कार्य के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 280.23 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। बरसात के कारण निर्माण कार्य बंद था और नवंबर 2026 में कार्य प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन नवंबर माह समाप्ति की ओर है और अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही एवं विभागीय उदासीनता को उजागर करता है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है, तो फिर काम शुरू करने में आखिर कौन सी बाधा है? कागजों में स्वीकृति और धरातल पर बदहाल सड़क आखिर कब तक क्षेत्र की जनता की नियति बनी रहेगी?
ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आगामी 5 दिवस के भीतर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो ग्राम बेलौदी सहित आसपास के ग्रामों के ग्रामीण और किसान एकजुट होकर मुख्य मार्ग पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित, किसानों की सुविधा, विद्यार्थियों की सुरक्षा और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए तत्काल सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। अब ग्रामीण केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर निर्माण कार्य होते देखना चाहते हैं।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस सचिव एवं पूर्व सरपंच श्री ओमप्रकाश यादव,उमराव सिंह साहू,हेमनाथ साहू, दामन साहू,नामदेव साहू डोमार सिंह साहू सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।







