कवर्धा। जिले में आबकारी विभाग की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आया है। अवैध शराब परिवहन के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी आबकारी विभाग की अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी को जिला न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय से उसे जिला जेल में दाखिल करने के लिए रिमांड मिल चुका था। इसके बाद आबकारी विभाग का एक आरक्षक आरोपी को जेल ले जाने की प्रक्रिया में लगा हुआ था। इसी दौरान आरक्षक न्यायालय में आवश्यक हस्ताक्षर संबंधी औपचारिकता पूरी कर रहा था। तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और जेल पहुंचने से पहले ही अभिरक्षा से फरार हो गया।

आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग में अफरा-तफरी मच गई। अब आरोपी की तलाश और घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
इस घटना ने आबकारी विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और अभिरक्षा में तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर आरोपी की निगरानी में चूक कैसे हुई? क्या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है? फिलहाल घटना को लेकर कई सवाल बने हुए हैं।







