सरफराज अंसारी की रिपोर्ट बुलंद टाइम्स बीजापुर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादियों ने जमीन के अंदर डम्प छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान शुरू किया।
सुरक्षा बलों की टीम ने भैरमगढ़ थाना से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया।
स्टील के डिब्बे में मिले 33 सोने के बिस्किट
डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट मिले। इनका कुल वजन 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम है। सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस द्वारा बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 8.24 करोड़ की नकदी और 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से माओवादी डम्प के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इन अभियानों के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले के अलग-अलग स्थानों से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
ताजा कार्रवाई को माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में सुरक्षा बलों की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।







