अभिषेक नायक की रिपोर्ट:-
गुना | मध्यप्रदेश | मध्यप्रदेश के गुना में एक टीचर को जाल में फंसाकर महिला ने ब्लैकमेल कर 22 लाख रूपए ऐंठ लिए। मामला शहर के कैंट थाना इलाके का है जहां टीचर की शिकायत पर पुलिस ने अब मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीचर ने बीते महीने 22 जुलाई को एसपी को आवेदन देकर अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया था जिसके बाद ये मामला दर्ज किया गया है। जिस महिला पर पैसे ठगने का आरोप है वो और उसके साथी भी गुना के ही रहने वाले हैं। महिला ने बड़े ही शातिर तरीके से टीचर को अपने जाल में फंसाया था।
जाल में ऐसे फंसाया..
पीड़ित टीचर के मुताबिक स्केटिंग व सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग देने के लिए आरोपी महिला एक स्कूल में प्रशिक्षण देने के लिए आती थी वहीं पर उनकी उससे पहली बार मुलाकात हुई थी। महिला ने उनकी पत्नी से दोस्ती कर ली और फिर उनके ही घर के सामने एक दुकान खोली और किसी भी बहाने से घर आने जाने लगी। इसके बाद उसने धीरे-धीरे टीचर के साथ नजदीकियां बढ़ाईं और उन्हें अपनी ओर आकर्षित किया। फिर महिला वीडियो कॉल पर अपने अंग दिखाकर उनसे बातचीत करने लगी और एक दिन नहाते वक्त वीडियो कॉल कर रिकॉर्डिंग कर ली।
ब्लैकमेल कर वसूले 22 लाख
पीड़ित टीचर ने बताया कि पिछले साल मार्च के महीने में एक दिन महिला संतोष मोहने नाम के शख्स के साथ आई और कहा कि तुम्हारे अश्लील वीडियो हमारे पास हैं। जिन्हें हम वायरल कर देंगे और तुम्हारी पत्नी को दिखा देंगे। वो उनकी बातों से वह डर गया और अलग अलग बार में उन्हें करीब 22 लाख रूपए दे दिए। सबसे पहले 31 मार्च 2023 को 90 हजार रुपये फोन पे पर ट्रांसफर किए और तीन लाख 40 हजार रुपये नगद दिए। इसके बाद संतोष मोहने ने फोन पर रुपये मांगे और उसने 10 लाख रुपये ले लिए। फिर महिला के पति जगवीर सिंह ने फोन लगाकर बुलाया और धमकाया और पति-पत्नि ने मिलकर आठ लाख 80 हजार रुपये हड़प लिए।
आत्महत्या की दी थी धमकी
बता दें कि शातिर महिला का शिकार होने के बाद बीते दिनों पीड़ित टीचर एसपी के पास आवेदन लेकर पहुंचा था और तब कार्रवाई न होने पर आत्महत्या करने की बात कही थी। इसके बाद अब बीती रात गुना की कैंट थाना पुलिस ने आरोपी महिला, जगवीर जाटव, संतोष मोहने निवासीगण गोपालपुरा थाना कैंट पर धारा 384 भादवि का प्रकरण दर्ज किया है।



