हेमू साय की रिपोर्ट:-
जगदलपुर! कलेक्टर हरिस एस ने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र के शुरू होने के पूर्व सभी लक्षित स्कूली छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र प्रदाय सुनिश्चित करें। इस दिशा में राजस्व और शिक्षा विभाग के अधिकारी समन्वय स्थापित कर लक्ष्य के अनुरूप सभी स्कूली छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए सकारात्मक पहल करें।वहीं राज्य शासन के सुशासन तिहार अंतर्गत आम जनता से प्राप्त आवेदन पत्रों का प्राथमिकता के साथ निराकरण कर पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करें। कलेक्टर हरिस मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक में उक्त निर्देश दिए।
उन्होंने मानसून के पहले सभी ग्राम पंचायतों के शत-प्रतिशत तालाबों को मछलीपालन के लिए पट्टे पर देने पर जोर देते हुए कहा कि मछलीपालन करने के लिए निर्धारित अवधि तक पानी उपलब्ध रहने वाले तालाबों का चयन कर स्थानीय मछुआ समितियों या स्व सहायता समूहों को लीज पर प्रदाय किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन के आवेदन पत्रों को आगामी दो दिवस के भीतर सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए, साथ ही समय सीमा के प्रकरणों पर चर्चा के दौरान जिला खनिज न्यास निधि के मद से विभाग और जनपदवार स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्य को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए हर महीने पात्र होने वाले हितग्राहियों का आगामी सितम्बर 2025 तक की स्थिति में सर्वेक्षण कर चिन्हित किए जाने के निर्देश दिए और प्रत्येक ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय में उक्त कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने कहा। उन्होंने बैठक में जन शिकायत और पीजी पोर्टल में दर्ज प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए ।
कलेक्टर ने मनरेगा में ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित करने पर बल देते हुए कहा कि वर्किंग सीजन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास निर्माण कार्यों में निर्धारित दिवस का रोजगार अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए और मानसून के पहले अधिकाधिक आवास निर्माण कार्यों को पूर्ण करने पर ध्यान केंद्रीत किया जाए। उन्होंने चिन्हांकित योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के सर्वे और योजनाओं के क्रियान्वयन पर की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की।
जिसमें स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं वितरण, स्वास्थ्य विभाग की एनसीडी स्क्रीनिंग एवं मॉनिटरिंग, टीबी स्क्रीनिंग, एएनसी, टीकाकरण के साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,
आंगनबाड़ी हितग्राही पंजीयन, प्रधानमंत्री पोषण योजना, प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री विश्व कर्मा योजना, श्रमिक पंजीयन कार्ड, हर घर नल से जल, पशु टीकाकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की और पशुपालन, उद्यानिकी तथा मत्स्यपालन के लिए ज्यादा से ज्यादा किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में डीएमएफ के अंतर्गत एजेंसीवार स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए इन निर्माण कार्यों को वर्किंग सीजन में तेजी के साथ संचालित कर जल्द पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। वहीं राज्य शासन की नवीनतम ग्रामीण बस योजनांतर्गत अंदरूनी इलाकों के अंतिम छोर के बसाहटों को आवागमन साधन से जोड़ने के लिए हरेक ब्लॉक में दो-दो रुट का चयन कर एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
साथ ही जिले के चिन्हित 23 ग्रामों में डाकघर खोलने तथा 11 ग्रामों में बैंक शुरू करने के लिए उपलब्ध शासकीय भवनों का चिन्हांकन कर प्रस्ताव आगामी सप्ताह तक प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, वन मण्डलाधिकारी उत्तम गुप्ता,अपर कलेक्टर सीपी बघेल एवं ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



