खैरागढ़। सहकार भारती जिला केसीजी द्वारा आयोजित “शौर्य तिरंगा यात्रा” का आयोजन बड़े ही उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ किया गया।
इस यात्रा का उद्देश्य ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को जन-जन तक पहुंचाना और देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल करना था।
अब ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि न्याय और शक्ति का प्रतीक बन चुका है। भारतीय सेना के अद्भुत शौर्य ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
हर नागरिक सशस्त्र बलों को नमन करता है और यह दर्शाता है कि जब बात मातृभूमि की होती है, तो पूरा देश एकजुट हो जाता है।
इस यात्रा के माध्यम से आत्मनिर्भर और समर्थ भारत की झलक भी स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से हुई,
जो मां दंतेश्वरी मंदिर, मस्जिद चौक, गोल बाजार, बक्शी मार्ग, इतवारी बाजार, शीतला मंदिर, जय स्तंभ चौक और भीमराव अंबेडकर चौक होते हुए पुनः इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और जयघोष के साथ वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में सहकार भारती के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस शोभायात्रा में उपस्थित रहे और अपने देश के प्रति अपनी आस्था को व्यक्त किया।



