खैरागढ़। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के तत्वावधान में आज नया टिकरापारा वार्ड में “निवेदन यात्रा” का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, साफ-सफाई एवं जागरूकता का संदेश दिया गया।
यात्रा में नगर पालिका खैरागढ़ के CMO पुनीत कुमार वर्मा, पार्षद रूपेंद्र रजक सहित “हमर सुंदर खैरागढ़” अभियान से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सेवा भावी संस्था के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस दौरान टीम ने वार्ड में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और स्वच्छ एवं सुंदर खैरागढ़ बनाने की अपील की। अभियान में रूपेश देवांगन, वंदना तांडेकर, नीलम राजपूत, जहीन खान सहित अन्य साथियों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने और नगर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। “निवेदन यात्रा” के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ वातावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।



