नारायणपुर। प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़ा और रोहताड़ जनताना सरकार का स्वयंभू उपाध्यक्ष राजमन पोयाम को पुलिस ने 5 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी वर्ष 2021 में दो हत्या की वारदातों में शामिल था, जिनमें पुलिस मुखबिरी के संदेह में दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी।
दिनांक 15 मई 2021 को ग्राम जुवाड़ापारा, जगगुंडा में आयोजित देवी पूजा कार्यक्रम के दौरान 22 वर्षीय संतु पोयाम को पुलिस मुखबिर होने के शक में माओवादी नक्सली दीपक, राजमन पोयाम, जोगा पोयाम और अन्य 10-15 वर्दीधारी नक्सलियों ने जबरन उठा लिया और जंगल में ले जाकर लकड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी थी।
इसी तरह, 16 अप्रैल 2021 को ग्राम रोहटाड़ के जंगल में पंचायत सचिव हरकलाल चौधरी की भी नक्सलियों ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। दोनों ही मामलों में थाना ओरछा में गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी।
कैसे हुई गिरफ्तारी:
दिनांक 4 जुलाई 2025 की सुबह पुलिस और आईटीबीपी बल की संयुक्त टीम नक्सल गश्त पर रोहटाड़ टोण्डेबेड़ा, एडजुम क्षेत्र की ओर रवाना हुई। इसी दौरान रोहटाड़ के पहाड़ी जंगल में एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम राजमन पोयाम (36 वर्ष) निवासी रोहटाड़ बताया। पूछताछ में उसने कबूला कि वह पिछले 6–7 वर्षों से प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ है और रोहटाड़ जनताना सरकार का उपाध्यक्ष है।
राजमन ने यह भी स्वीकार किया कि वह संतु पोयाम और हरकलाल चौधरी की हत्या में सीधे तौर पर शामिल था, जिसे उसने अपने साथियों दीपक, रामदास, पाण्डू, रामलाल, सुमिला, कुल्ले मण्डावी और अन्य वर्दीधारी नक्सलियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
इन धाराओं में दर्ज है केस:
- भादंवि की धारा 147, 148, 149, 302, 506, 201, 364
- आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27
- गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम UAPA की धारा 13(1), 20, 38(1)(2)
पुलिस ने किया जेल रवाना:
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिनांक 4 जुलाई 2025 को शाम 5:35 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



