
अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर – माँ महामाया की नगरी रतनपुर के वार्ड क्रमांक-05 निवासी और शिक्षा जगत में अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक शिवकुमार छत्रवांणी को इस वर्ष राज्य शिक्षक सम्मान (राज्यपाल पुरस्कार) से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वे शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिलदहा, संकूल-कलमीटार, विकासखण्ड-कोटा, जिला-बिलासपुर में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं।
05 सितम्बर 2025 को आयोजित भव्य समारोह में महामहिम राज्यपाल रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने उन्हें यह सम्मान राजभवन के राजदरबार हाल में प्रदान किया। इस अवसर पर प्रदेशभर के शिक्षा क्षेत्र से जुड़े गणमान्यजन, अधिकारी व अन्य चयनित शिक्षक उपस्थित रहे।

शिक्षक शिवकुमार छत्रवांणी ने अपने लंबे शैक्षिक जीवन में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, नवीन शैक्षिक नवाचार अपनाने और सामाजिक मूल्यों को बच्चों के जीवन में आत्मसात कराने का विशेष कार्य किया है। उन्हें विद्यालय में अनुशासनप्रिय, कर्तव्यनिष्ठ और प्रेरणास्रोत शिक्षक के रूप में जाना जाता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद छत्रवांणी ने कहा –
“यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि मेरे विद्यार्थियों, सहकर्मी शिक्षकों और शिक्षा के प्रति समाज की निष्ठा का प्रतीक है। शिक्षक का धर्म है कि वह आने वाली पीढ़ी को बेहतर संस्कार और ज्ञान प्रदान करे।”
निस्संदेह, शिक्षक शिवकुमार छत्रवांणी का यह समर्पण और संकल्प प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नए आयाम देने में सहायक सिद्ध हुआ है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में उनकी भूमिका प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।



