Oplus_131072
अलग-अलग स्वरूपों में विराजे गणपति बप्पा, भजन-कीर्तन और भोग-भंडारे से भक्तिमय हुआ शहर
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में इन दिनों गणेशोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं विभिन्न स्थानों पर गणपति बप्पा की आकर्षक प्रतिमाएं विराजमान की गई हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं प्रतिदिन शाम को विभिन्न गणेश पंडालों में विधि-विधान से आरती, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आ रहा है।
गणेश उत्सव के दौरान अलग-अलग समितियों द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विशेष धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित स्वरूप प्रदान किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
बज्र गणेश उत्सव समिति में दूल्हे के स्वरूप में गणपति
नगर में बज्र गणेश उत्सव समिति oद्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा को आकर्षक दूल्हे के स्वरूप में स्थापित किया गया है। प्रतिमा का विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रहा है। शाम की आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर गणपति बप्पा की आराधना करते हैं। आरती के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाता है।
मित्र मंडल गणेश समिति में श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद की झलक
वहीं मित्र मंडल गणेश उत्सव समिति द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा को महाभारत के प्रसंग से जोड़ते हुए विशेष रूप दिया गया है। यहां भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेश की झलक देखने को मिलती है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक संदेश से जुड़े इस स्वरूप को देखने के लिए श्रद्धालु विशेष रूप से पहुंच रहे हैं। समिति द्वारा प्रतिदिन शाम को आरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।
महामाया चौक में हनुमान स्वरूप में गणपति बप्पा
महामाया चौक स्थित गणेश पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमा को भगवान हनुमान के स्वरूप में सजाया गया है। यह प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां प्रतिदिन शाम को आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए भोग-भंडारे का आयोजन किया जाता है। बड़ी संख्या में लोग भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
हर पंडाल में गूंज रहे गणपति बप्पा के जयकारे
गणेशोत्सव के चलते रतनपुर के विभिन्न पंडालों में शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। आरती के समय “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से वातावरण गूंज उठता है। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भी गणेशोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
गणेश पंडालों में आकर्षक साज-सज्जा, धार्मिक झांकियां, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के आयोजन से रतनपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा और भी जीवंत नजर आ रही है। समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन किए जा रहे हैं। गणेशोत्सव के दौरान नगर में आपसी भाईचारे, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।




