Oplus_131072
रक्तदान, बुक ट्री, क्लॉथ गार्डन, टॉय बैंक एवं देहदान-अंगदान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में होगी जनभागीदारी।
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने तथा अभियान के तहत होने वाली सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
23 सितंबर को सेवा महाकुंभ
कलेक्टर ने 23 सितंबर को इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले सेवा महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया जाए और अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाए।
सेवा महाकुंभ में रक्तदान, बुक ट्री के माध्यम से नई एवं पुरानी पुस्तकों का दान, क्लॉथ गार्डन के माध्यम से नए एवं पुराने कपड़ों का दान, टॉय बैंक के माध्यम से नए एवं पुराने खिलौनों का दान तथा देहदान-अंगदान सहित छह प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने जिलेवासियों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कलेक्टर दंपती लेंगे देहदान का संकल्प
प्रोजेक्ट दधीचि के तहत कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं उनकी पत्नी डॉ. सुनीता सिंह देहदान का संकल्प लेंगे। कलेक्टर ने कहा कि देहदान एवं अंगदान मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा और नई जिंदगी का संचार करने वाली महत्वपूर्ण सेवा है। उन्होंने समाज के लोगों को भी इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक होने तथा अपनी क्षमता के अनुसार सेवा गतिविधियों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश
बैठक में सेवा महाकुंभ के तहत आयोजित होने वाले रक्तदान अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा रक्तदान के लिए किए गए प्रयासों एवं संभावित रक्तदाताओं की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है।
बैठक में विभिन्न निजी संस्थाओं द्वारा रक्तदान करने वाले व्यक्तियों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले डिस्काउंट ऑफर की जानकारी भी दी गई।
लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण
समय-सीमा की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित खाता विभाजन, नामांतरण, किसान पंजीयन, जन-शिकायत निवारण प्रणाली, आरबीसी 6 (4) तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का लाभ दिलाने और क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा अंतर-विभागीय अनापत्ति प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
सेवा शिविरों में 1000 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक शिविर में 1000 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने तथा पात्र हितग्राहियों को वय वंदन योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग को आय, जाति सहित अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी करने तथा संबंधित विभागों को जॉब कार्ड, महतारी वंदन, नोनी सुरक्षा, श्रम कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, स्वास्थ्य जांच एवं कृषि यंत्र वितरण सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा गतिविधियों से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूर्ण करें।
बैठक में नगर निगम रायपुर के आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




