
अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “वोट चोर गद्दी छोड़” आंदोलन के तहत कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट का प्रदेश व्यापी सभा एवं यात्राओं का क्रम जारी है। रायगढ़ और कोरबा से तखतपुर, मुंगेली व बेमेतरा की सभा के लिए जाते समय उनका रतनपुर आगमन हुआ, जहां स्थानीय कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में आतिशबाजी व नारों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान पायलट के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। स्वागत उपरांत आयोजित सभा में सचिन पायलट ने केंद्र की सरकार पर लोकतंत्र की हत्या कर वोट चोरी से सत्ता पर काबिज होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “हमारे नेता राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक इस लड़ाई को लड़ रहे हैं और अब हम सबको एकजुट होकर इस लोकतंत्र विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।”

सभा के दौरान रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश प्रभारी को हस्ताक्षर अभियान के तहत 5,000 फॉर्म सौंपे गए। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर आह्वान किया कि राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के हाथ मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वोट चोर गद्दी छोड़ आंदोलन को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रदेश स्तरीय नेताओं के साथ रतनपुर ब्लॉक के शीतल जायसवाल, कोटा ब्लॉक अध्यक्ष आदित्य दीक्षित, अरुण त्रिवेदी, सुभाष अग्रवाल, मदन कहरा, पुष्पकांत कश्यप, सुनील अग्रवाल, अभिषेक मिश्र, रियाज अहमद खोखर, अंकित जायसवाल, सैफ, अविनाश, योगेश, राजा रवि रावत, शिवानंद, संजय, रॉकी, जितेन्द्र चंदेल, नीलिमा, पूर्णिमा, आशा, सुशीला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



