अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर — नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ग्राम रिगवार में 16 अक्टूबर 2025 को नशा मुक्ति अभियान के तहत विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें ग्राम पंचायत, स्कूल, युवा संगठन और महिला स्व सहायता समूह सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
रैली का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है। इसलिए हर नागरिक को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और खुशहाल जीवन का संकल्प लेना चाहिए।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। रैली ग्राम के मुख्य मार्गों से होते हुए पंचायत भवन तक पहुंचेगी, जहां एक जनजागरूकता सभा का आयोजन भी किया जाएगा। सभा में वक्ता नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालेंगे और समाज में नशा मुक्ति का संदेश देंगे।
आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महिला स्व सहायता समूह की सदस्यों ने थाना रतनपुर में एक आवेदन प्रस्तुत किया है, जिसमें उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि रैली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्था की जाए। आवेदन प्राप्त होने के बाद थाना प्रभारी ने सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि रैली के दौरान पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
ग्राम पंचायत के सरपंच, सामाजिक संगठनों एवं महिला समूहों ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान समाज के हर व्यक्ति से जुड़ा हुआ है और इसमें सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। ग्रामीणों में इस अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, और बड़ी संख्या में लोग इस रैली में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं।
रिगवार की यह रैली समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक करने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगी।



