अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर : प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ द्वारा पूरे राज्य में चलाए जा रहे “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान के तहत रविवार को कांग्रेस के सहप्रभारी विजय जांगिड का रतनपुर प्रथम नगर आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह देखा गया।
नया बस स्टैंड रतनपुर में युवा कांग्रेस महासचिव रवि रावत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आतिशबाज़ी करते हुए, बाजे-गाजे और नारों के बीच विजय जांगिड का भव्य स्वागत किया। पूरा नगर “कांग्रेस जिंदाबाद” और “वोट चोर गद्दी छोड़” जैसे नारों से गूंज उठा। इस दौरान युवाओं ने फूल वर्षा कर और तिलक लगाकर सहप्रभारी का अभिनंदन किया।

स्वागत उपरांत विजय जांगिड सिद्ध शक्तिपीठ माँ महामाया देवी मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने माँ महामाया के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और कांग्रेस संगठन की मजबूती की कामना की। इसके बाद वे हस्ताक्षर अभियान से जुड़े जनसभा कार्यक्रम में शामिल हुए।
रवि रावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि —
“कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ती आई है। आज जब जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, तब कांग्रेस कार्यकर्ता हर गाँव, हर वार्ड में जाकर जनता की आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान जनता की भावना का प्रतीक है, और इसका संदेश पूरे प्रदेश में गूंज रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस संगठन हर स्तर पर मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में जनता झूठे वादों और कुशासन के खिलाफ अपना जवाब देगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे रतनपुर नगर में कांग्रेसजनों के जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।



