अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। राहुल गांधी का आरोप है कि मोदी सरकार चुनावी प्रक्रिया में धांधली कर सत्ता में आई है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। इसी अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी विजय जांगिड़ मंगलवार को रतनपुर पहुंचे, जहां कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महामाया चौक, रतनपुर से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पमालाओं और नारों के साथ विजय जांगिड़ का स्वागत किया। स्वागत समारोह के पश्चात सह प्रभारी विजय जांगिड़ और विधायक अटल श्रीवास्तव ने मां महामाया मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इसके बाद महामाया चौक से ही “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डोर टू डोर जाकर आम नागरिकों, दुकानदारों और युवाओं से संपर्क कर अभियान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी द्वारा कराए गए सर्वे में अनेक अनियमितताएं सामने आई हैं, लेकिन निर्वाचन आयोग इस विषय पर मौन साधे हुए है। इसलिए कांग्रेस ने यह जन-जागरण अभियान शुरू किया है, ताकि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता अपनी आवाज उठा सके।
अभियान में प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने कहा —
“कांग्रेस जनता की आवाज को सड़क से संसद तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। अब समय आ गया है कि वोट चोरी करने वालों को गद्दी छोड़नी होगी। देश की जनता सच्चाई जान चुकी है और बदलाव तय है।”
इस अवसर पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि राहुल गांधी के इस अभियान को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समन्वयक शीतल जायसवाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है और अब तक लगभग 2000 से अधिक हस्ताक्षर प्रपत्र भरे जा चुके हैं। आज इन हस्ताक्षर युक्त प्रपत्रों को विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा माननीय प्रभारी विजय जांगिड़ को सौंपा गया।
उन्होंने बताया कि लोगों में इस अभियान के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिल रही है। आम जनता का मानना है कि वोट की चोरी रोकना ही लोकतंत्र की रक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें सुभाष अग्रवाल, मदन कहरा, पुष्पकांत कश्यप, सुनील अग्रवाल, साथिया दुबे, संतोष सोनी, रामफल श्रीवास, रियाज खोखर, अभिषेक मिश्रा, अविनाश, आशीष, प्रियांशु, आशा सूर्यवंशी, सुशीला मानिकपुरी, रॉकी अनुरागी, संजय कोशले, कृष्णा, रामनिहोरा, संजू सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान रतनपुर नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया और नारे लगाए
“वोट चोर गद्दी छोड़ो!”,
“लोकतंत्र की रक्षा करो!”,
“राहुल गांधी ज़िंदाबाद!”
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें आम नागरिकों की स्वस्फूर्त भागीदारी देखने को मिली।



