सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नारायणपुर जिले में रजत जयंती वर्ष राज्योत्सव एवं रजत महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह अवसर जिलेवासियों के लिए गर्व और आत्मगौरव का क्षण रहा, जब पूरा नगर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विकास यात्रा और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के उत्सव में सहभागी बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम के मुख्य आतिथ्य में किया गया। उन्होंनेसुरेश अपने उद्बोधन में कहा कि “इस वर्ष हम छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों के विकास, उपलब्धियों और आत्मनिर्भरता के त्यौहार का उत्सव मना रहे हैं। यह महोत्सव हमें हमारी पहचान, संस्कृति और जनसहभागिता की शक्ति का स्मरण कराता है।”
राज्योत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय आयोजन 2 नवंबर से 4 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया है। स्टालों का निरीक्षण अतिथियों द्वारा किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों और प्रतिभागियों की सराहना की गई।
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, और आधुनिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगी झलकियों और पारंपरिक लोकसंगीत ने राज्योत्सव को उल्लास और एकता के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को शास्त्री पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल रहा, वहीं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर राज्योत्सव के साक्षी बने।
राज्योत्सव के इस रजत वर्ष ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ केवल एक राज्य नहीं, बल्कि मेहनत, संस्कृति और विकास की जीवंत कहानी है। कार्यक्रम में पद्मश्री हेमचंद मांझी, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, नगर पालिका के अध्यक्ष इन्द्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण बड़ी संख्या में आम नागरिक, पत्रकारगण उपस्थित थे|



