अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर (बिलासपुर)। माँ महामाया की पावन नगरी रतनपुर में इस वर्ष भी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक विराट मड़ई मेला एवं राऊत नाच महोत्सव का भव्य आयोजन 1 दिसम्बर 2025 को किया जा रहा है। यह आयोजन पिछले 18 वर्षों की अपार सफलता के बाद अब अपने 19वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आयोजन की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं और रतनपुर का पूरा क्षेत्र उत्साह और उमंग से सराबोर है।
मड़ई मेला परंपरा का जीवंत स्वरूप
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में मड़ई मेला का विशेष स्थान है। रतनपुर में यह परंपरा विगत दो दशकों से यादव समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में निरंतर जीवित है। हर वर्ष की तरह इस बार भी रतनपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोग इस आयोजन में शामिल होंगे। तराई क्षेत्र में लगने वाले इस मेले में लोक कलाकारों और नर्तक दलों द्वारा प्रस्तुत राऊत नाच दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देने वाला होता है। गढ़वा बाजा और मुरली की धुन पर कलाकारों का तालबद्ध नृत्य देर रात तक चलता रहेगा। राऊत नाच की प्रस्तुति इस वर्ष शाम 4 बजे से प्रारंभ होकर रात देर तक चलेगी।

लाखों के पुरस्कार और रनिंग शील्ड
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि राऊत नाच प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
- प्रथम पुरस्कार: ₹21,000 नकद एवं रनिंग शील्ड
- द्वितीय पुरस्कार: ₹11,000 नकद एवं रनिंग शील्ड
- तृतीय पुरस्कार: ₹5,000 नकद एवं रनिंग शील्ड
- चतुर्थ पुरस्कार: ₹4,000 नकद एवं स्मृति चिन्ह
- पंचम पुरस्कार: ₹3,000 नकद एवं स्मृति चिन्ह
- षष्ठम पुरस्कार: ₹2,000 नकद एवं स्मृति चिन्ह
- सांत्वना पुरस्कार: ₹1,000 नकद एवं स्मृति चिन्ह
भाग लेने वाले सभी दलों को सम्मान स्वरूप पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
नर्तक दलों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था
यादव समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष कन्हैया यादव ने बताया कि रतनपुर, बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों से आने वाले सभी नर्तक दलों के लिए निःशुल्क भरपेट भोजन की व्यवस्था की जाएगी। समाज के वरिष्ठ सदस्य और युवा मिलकर अतिथियों के स्वागत और आवभगत की तैयारी में जुटे हुए हैं।
प्रतिभाशाली छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान यादव समाज के उन छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा जिन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षा में नगर स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उन्हें नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रतनपुर का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
छात्र-छात्राओं के लिए विविध प्रतियोगिताएं
समिति के सचिव मनोज यादव ने बताया कि 30 नवम्बर (रविवार) को यादव समाज के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा —
1. प्राथमिक स्तर: कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता
2. माध्यमिक स्तर: फूल और पत्तियों से रंगोली सजाओ प्रतियोगिता
3. हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी स्तर: सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
4. कॉलेज स्तर: सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
विजेताओं को नकद पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे।
वृद्ध जनों का सम्मान
युवा अध्यक्ष शांति लाल यादव ने बताया कि समाज की एकता और प्रगति के लिए जीवनभर समर्पित 5 वृद्धजनों का विशेष सम्मान किया जाएगा। उन्हें मंच पर अतिथियों के हाथों शाल, श्रीफल और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और जनजागरूकता अभियान
मानव सेवा के भाव से प्रेरित होकर, इस वर्ष भी यादव समाज कल्याण समिति एवं सर्व यादव समाज युवा प्रकोष्ठ रतनपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन 30 नवम्बर 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यादव समाज प्रांगण में होगा। समिति का मानना है कि “रक्तदान जीवनदान है” और इस अभियान से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना बढ़ेगी।
समाज को संगठित करने नई युवा टीम का गठन
रतनपुर में यादव समाज को और अधिक सशक्त, संगठित और मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से युवा प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से शांति लाल यादव को युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष चुना गया। अन्य पदाधिकारी इस प्रकार हैं —
उपाध्यक्ष: अरुण यादव, मानस यादव
- सचिव: बलदाऊ यादव
- कोषाध्यक्ष: लाकेश यादव
- सह सचिव: वासु यादव
कार्यकारिणी सदस्य: आयुष यादव, विजय यादव, शंकर यादव, कृष्णा यादव, संदीप यादव, जय प्रकाश यादव, शरद यादव, अरविंद यादव, आदिप यादव, देवांश यादव, अजय यादव, डॉक्टर प्रसाद यादव, कमलेश यादव, राहुल यादव आदि।
आयोजन समिति सक्रिय
मेला और महोत्सव को सफल बनाने में कन्हैया यादव, डी.सी. यादव, बसंत यादव, शिव यादव, रामसेवक यादव, मनोज यादव, अनिल यादव, उदल यादव, सुरेश यादव, राजा यादव, संतोष यादव, नीरज यादव, राजेश यादव, भूपेंद्र यादव, प्रदीप यादव सहित समाज के अनेक सदस्य दिन-रात तैयारी में लगे हुए हैं।
रतनपुर में आगामी 1 दिसम्बर को होने वाला यह 19वां विराट मड़ई मेला एवं राऊत नाच महोत्सव न केवल लोक संस्कृति का जीवंत उदाहरण बनेगा, बल्कि समाजिक एकता, परंपरा और सहयोग की भावना को भी नई दिशा देगा।



