गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर ;-
जशपुर, छत्तीसगढ़ |जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी पत्नी मंगरीता भगत (40) को महाराष्ट्र के नासिक जिले के मनमाड़ जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने पति संतोष भगत की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर घर में ही छिपा दिया था।
घटना 9 नवंबर को ग्राम भिंजपुर में सामने आई थी, जब मृतक संतोष भगत की लाश घर में पड़े सूटकेस से बरामद हुई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान संदेह मृतक की पत्नी मंगरीता भगत पर गया, जो घटना के बाद से फरार थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मुखबिर की मदद से आरोपी के महाराष्ट्र भागने की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस दल ने मनमाड़ जंक्शन (नासिक) में जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा, डीएसपी अख्तर, और आरपीएफ पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी मंगरीता ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन झगड़े के दौरान उसने गुस्से में आकर पत्थर की शीलपट्टा से सिर पर वार कर पति की हत्या कर दी। रात में शव को सूटकेस में भरकर घर में ही छोड़ दिया और अगले दिन फरार हो गई।
पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त शीलपट्टा भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक संत लाल आयाम, कृष्ण कांत साहू, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा, आरक्षक पंकज कुजूर, एलेक्शियूस तिग्गा, सालदान टोप्पो, और सायबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया —
“पति की हत्या कर फरार हुई महिला को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है, उसे जेल भेजा जा रहा है।” जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ कि कानून के शिकंजे से कोई अपराधी नहीं बच सकता।



