गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर;-
जशपुर :-जशपुर पुलिस ने बच्चों एवं महिलाओं से जुड़े अपराधों, लंबित मामलों और अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने आज पुलिस कार्यालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और लंबित मामलों का बिंदुवार निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अनुविभागवार थाना/चौकी के लंबित अपराध, चालान, शिकायत और मर्ग की समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि नवंबर 2025 के अंत तक पेंडेंसी 5 प्रतिशत के भीतर लाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में तेजी से काम करने वाले थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को नगद ईनाम से पुरस्कृत किया गया, जबकि अपराध निराकरण में कोताही बरतने वाले अधिकारियों को अर्थदंड के माध्यम से चेतावनी दी गई।

मुख्य निर्देश:
- अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही।
- साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों में तत्काल कार्रवाई के लिए साइबर सेल को निर्देश।
- व्हीआईपी/व्हीव्हीआईपी सुरक्षा में लगे बल की नियमित चेकिंग।
- सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आमजनों और स्कूली छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना।
- लंबित मामलों की उच्च स्तरीय विवेचना और दोषसिद्धि सुनिश्चित करना।
- प्रत्येक राजपत्रित अधिकारी को सप्ताह में कम से कम एक बार अपने अधिकार क्षेत्र के किसी थाना/चौकी में आकस्मिक विजिट करने का निर्देश।
- शिकायतकर्ता को उचित सुनवाई और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना।
- पैदल मार्च, कांबिंग गस्त और शाम को विजिबल पुलिसिंग के लिए थाना प्रभारी को सक्रिय रहना।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और उप पुलिस अधीक्षक सहित समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं कार्यालयीन शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि बच्चों और महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध कारोबार और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक से जशपुर जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का त्वरित निराकरण और पुलिसिंग में पारदर्शिता बढ़ाने का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया है।



