गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर : कुनकुरी थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दशरथ यादव (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1), 69 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
मामले के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता ने 16 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जनवरी को वह अपने मामा के घर से शाम लगभग 5 बजे पैदल लौट रही थी। इसी दौरान उसका पूर्व परिचित और कांसाबेल क्षेत्र का निवासी दशरथ यादव मोटरसाइकिल से आया और उसे लिफ्ट देकर घर छोड़ने की बात कही। युवती ने भरोसा कर उसकी बाइक पर बैठ गई, लेकिन आरोपी उसे रास्ते में सुनसान स्थान पर ले गया और जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। बाद में उसने युवती को किसी से कुछ न बताने और शादी करने का झांसा दिया।
इसके बाद 24 जनवरी को भी आरोपी ने युवती को जबरन मोटरसाइकिल में बैठाया और दूसरी बार सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। इन घटनाओं के कारण युवती गर्भवती हो गई, लेकिन सामाजिक दबाव और भय से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इस बीच परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से कर दी। शादी के छह माह बाद बच्ची के जन्म के बाद मामला सामने आया और युवती ने अपने पति व परिजनों को पूरी घटना बताई।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए कांसाबेल क्षेत्र से आरोपी दशरथ यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव,सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले,
आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे,और महिला आरक्षक कमला पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं से जुड़े अपराधों पर कड़ा रुख
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।
जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को न्याय की दिशा में बड़ा कदम मिला है।



