गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। धान खरीदी सीजन शुरू होते ही सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय धान कोचियों पर जशपुर पुलिस ने फिर बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार तड़के सिटी कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी कर चार पिकअप वाहनों से 120 क्विंटल अवैध धान जब्त किया। पकड़ा गया धान झारखंड से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाया जा रहा था। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक तड़के करीब 4 बजे पैट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गलौंडा के ग्रामीण मार्ग से चार पिकअप संदिग्ध रूप से भारी मात्रा में धान लेकर आ रहे हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश पर सिटी कोतवाली टीम ने इलाके में तत्काल नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद पुलिस ने चारों वाहनों को घेराबंदी कर रोक लिया।
वाहन क्रमांक CG14-MU-9347, JH01-FG-8689, JH01-FC-816 और JH01-FC-7695 के ड्राइवरों ने पूछताछ में बताया कि वे झारखंड से धान लेकर जशपुर के एक राइस मिल की ओर जा रहे थे। हालांकि पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद सभी वाहन और 120 क्विंटल धान जप्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।

गिरफ्तार ड्राइवरों की पहचान
-
जीत वाहन (23 वर्ष), निवासी भागलपुर, जशपुर
-
विकास कुमार (25 वर्ष), निवासी चैनपुर, गुमला (झारखंड)
-
चंदन कुमार (25 वर्ष), निवासी चैनपुर, गुमला
-
रोहित रौतिया (25 वर्ष), निवासी चैनपुर, गुमला
पुलिस ने बताया कि धान कोचिए ग्रामीण और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर राज्य की सीमा पार कर अवैध धान की आपूर्ति करने की कोशिश में जुटे रहते हैं। इसे रोकने के लिए पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और लगातार पैट्रोलिंग की व्यवस्था की है। मुखबिर तंत्र भी सक्रिय रखा गया है।
जशपुर पुलिस अब तक विभिन्न क्षेत्रों—लोदाम, कुनकुरी और पंडरापाठ—से कुल 420 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ चुकी है, जिसकी कीमत 10 लाख 50 हजार रुपए से अधिक आंकी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “अवैध धान की आमद रोकना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस टीम लगातार चेकिंग और निगरानी में जुटी है। कोतवाली क्षेत्र में पकड़ी गई यह बड़ी खेप हमारी मुस्तैदी का परिणाम है। ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”
जिले में प्रशासन और पुलिस दोनों का दावा है कि धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख़्त अभियान लगातार जारी रहेगा।



