जशपुर।चौकी दोकड़ा क्षेत्र के बढ़नी झरिया जंगल में जंगली सूअर को मारने बिछाई गई खुली बिजली करेंट की तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जशपुर पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज किया है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मृतक की पहचान
मृतक का नाम दशरथ यादव (55 वर्ष), निवासी ग्राम घेराघोघरा, बैगा टोली, चौकी दोकड़ा है।
गिरफ्तार आरोपी
- नेहरू राम (35 वर्ष), निवासी छेरा घोघरा
- अशोक पैंकरा (34 वर्ष), निवासी बढ़नी झरिया
- सदानंद चौहान (34 वर्ष), निवासी बढ़नी झरिया
- जगदीश कुजूर (38 वर्ष), निवासी चून दरहा
घटना का विवरण
03 दिसंबर को मृतक के पुत्र प्यार इन्द्रनाथ यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता भैंसों की देखभाल के लिए बढ़नी झरिया जंगल स्थित अस्थायी गोठान गए थे और रात वहीं रुके। अगले दिन वे घर नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढते हुए गोठान की ओर गए, जहां वे जंगल में मृत अवस्था में पाए गए।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक के पैर में पतली बाइंडिंग तार चिपकी हुई थी, जो 11 हजार वोल्ट के बिजली खंभे से जोड़ी गई थी। आरोपियों ने जंगल में जंगली सूअर को मारने के लिए यह करेंट युक्त तार बिछाई थी, परंतु यह तार गोठान के रास्ते में आ गई, जिससे हाई-वोल्टेज करंट लगने से मृतक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस कार्यवाही
चौकी दोकड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया तथा 128 मीटर करेंट युक्त तार जब्त की। पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक आरोपी फरार है, जिसे पुलिस ने चिन्हित कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों की भूमिका और प्रतिक्रियाएँ
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अशोक कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संजय नागवंशी, कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक सुरेंद्र यादव, जयप्रताप एक्का एवं राजकुमार मनहर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि मानव जीवन के लिए खतरा बनने वाले ऐसे कृत्यों पर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



