जशपुर | जशपुर जिले में एक मूक-बधिर एवं दिमागी रूप से कमजोर युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजन लकड़ी लेने जंगल गए हुए थे, इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर अकेली घर पर मौजूद मूक-बधिर एवं मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी तब सामने आई जब पीड़िता की बहन जंगल से लौटकर घर पहुंची और बड़ी बहन को घर में नहीं पाया। तलाश के दौरान पास की गौशाला में आरोपी को पीड़िता के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखा गया। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की बहन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी माइकल टोप्पो (उम्र 36 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(झ)(ट) एवं 332(b) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आरोपी को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक स्नेहलता सिंह, महिला प्रधान आरक्षक सावित्री भगत, महिला आरक्षक जया देवी एवं आरक्षक रवि राम की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कठोर कार्रवाई की जाएगी।



