सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करते हुए नारायणपुर साइबर पुलिस टीम ने विशेष अभियान ‘‘मोबाइल वापसी’’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के अंतर्गत गुम हुए 35 नग मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 38 हजार रुपये से अधिक है। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। एक ओर जहां जिले में नक्सल विरोधी अभियानों में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है, वहीं दूसरी ओर साइबर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में यह पहल सराहनीय मानी जा रही है।
जिले के विभिन्न थानों और साइबर सेल में लगातार मोबाइल गुमने एवं साइबर फ्रॉड से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे थे। इस पर विशेष रुचि लेते हुए उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन (नोडल अधिकारी, साइबर सेल) के पर्यवेक्षण में गुम मोबाइल की खोजबीन हेतु यह विशेष अभियान चलाया गया। साइबर सेल की टीम ने तकनीकी सहायता के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से मोबाइल ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।
बरामद सभी मोबाइल फोन आज 07 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत सुपुर्दनामा तैयार कर मोबाइल स्वामियों को सौंपे गए।
इस अभियान को सफल बनाने में निरीक्षक दिनेश कुमार चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार शोरी, आरक्षक संदीप चौहान, जयलाल पोटाई, कमलेश साहू, आशीष ध्रुव, सुमित नाग, रामचंद्र यादव एवं राजू बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नारायणपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि
- मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें तथा नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। मोबाइल का पासवर्ड हमेशा सुरक्षित रखें।
- बैंकिंग साइबर फ्रॉड या खाते से धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 टोल फ्री नंबर पर कॉल करें या National Cyber Crime Reporting Portal (https://cybercrime.gov.in) पर 24 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज करें।
नारायणपुर साइबर पुलिस का यह अभियान न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि पुलिस-जन सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



