अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर (बिलासपुर)। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरवीडीह में उस समय अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया, जब गांव के नया तालाब में एक युवक का शव तैरते हुए मिला।
गुरुवार की शाम तालाब की ओर गए ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। तत्काल इसकी सूचना रतनपुर थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान इंद्र कुमार कश्यप, पिता संतोष कश्यप, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम भरवीडीह के रूप में हुई है। युवक का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि इंद्र कुमार पिछले दो दिनों से घर से लापता था। हालांकि इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन परिजन और ग्रामीण अपने स्तर पर उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी बीच तालाब में शव मिलने की खबर ने सभी उम्मीदों को तोड़ दिया।
स्थानीय सूत्रों एवं परिजनों के अनुसार मृतक को मिर्गी के दौरे पड़ते थे। आशंका जताई जा रही है कि तालाब के पास जाते समय अचानक उसे दौरा पड़ा होगा या तबीयत बिगड़ गई होगी, जिससे वह संतुलन खोकर पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

रतनपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम भरवीडीह में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने इस असामयिक और दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी, फिलहाल मामले की जांच जारी है।



