गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। धान खरीदी सीजन के बीच अवैध रूप से धान खपाने में जुटे बिचौलियों के खिलाफ जशपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने जिले के फरसाबहार थाना, तुमला थाना और पंडरापाठ चौकी क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में दो पिकअप वाहन और एक ट्रैक्टर को पकड़ते हुए कुल 84 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 93 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरसाबहार और तुमला क्षेत्र में पकड़े गए मामलों में धान उड़ीसा राज्य से छत्तीसगढ़ लाकर खपाने की कोशिश की जा रही थी। वहीं पंडरापाठ क्षेत्र में धान को किसी अन्य किसान के टोकन पर उपार्जन केंद्र में बेचने की योजना थी।


रात्रि गश्त में मिला सुराग, चालक छोड़कर भागे वाहन
दिनांक 16 और 17 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे, थाना तुमला की रात्रि गश्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गांझियाडीह मार्ग से एक बिना नंबर का संदिग्ध पिकअप वाहन धान लेकर आ रहा है। पुलिस ने हाथीबेड़ के ग्रामीण रास्ते पर नाकाबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में पिकअप से त्रिपाल से ढंका 60 बोरियों में लगभग 24 क्विंटल धान बरामद किया गया।
इसी तरह थाना फरसाबहार क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे धौरा सांड जंगल इलाके में एक पिकअप वाहन (क्रमांक OD-16-A-4175) को लावारिस हालत में पकड़ा गया। वाहन की जांच में 50 बोरियों में 20 क्विंटल धान मिला। आशंका है कि यह धान उड़ीसा से लाकर जिले में खपाया जाना था। दोनों ही मामलों में वाहन सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।
ट्रैक्टर से उपार्जन केंद्र ले जाया जा रहा था धान
वहीं चौकी पंडरापाठ पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान ग्राम सुलेसा के पास एक ट्रैक्टर को रोका, जिसमें भारी मात्रा में धान लोड था। पूछताछ में चालक नारायण राम (43 वर्ष) निवासी सुलेसा ने बताया कि वह यह धान स्थानीय लोगों से खरीदकर आगे ले जा रहा था। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज और टोकन की मांग करने पर कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MS-4571 सहित 100 बोरियों में लोड लगभग 40 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।
अब तक 41 वाहनों से 2,422 क्विंटल धान जब्त
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सरहदी मार्गों पर नाकाबंदी, संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। अब तक 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल धान जब्त कर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, चौकी प्रभारी पंडरापाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।



