अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शासकीय महामाया महाविद्यालय रतनपुर में विद्या, बुद्धि और विवेक की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना शुभ मुहूर्त में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। पूरे महाविद्यालय परिसर में भक्ति, ज्ञान और संस्कारों का अनुपम वातावरण देखने को मिला। इस पावन आयोजन में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, एनएसयूआई के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व जनभागीदारी समिति के छात्र प्रतिनिधि सदस्य राघवेन्द्र दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन युवा छात्र नेता आदित्य साहु के नेतृत्व में किया गया, जिनकी अगुवाई में यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पूजा-अर्चना के दौरान मां सरस्वती से महाविद्यालय के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, ज्ञान-वृद्धि एवं सफलता की कामना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और माता के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर एनएसयूआई की टीम से निक्कू जायसवाल, श्यामू साहू, वंश ताम्रकार, दिव्यांशु, मनोज पटेल, अंशु राजपूत, नितेश ध्रुव, पायल साहू, जयंती साहू, संजना, दिव्या, तुलसी प्रजापति, निकिता यादव सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राघवेन्द्र दुबे ने कहा कि,
“मां शारदा सभी छात्र-छात्राओं को ज्ञान, विवेक और सफलता का आशीर्वाद प्रदान करें तथा शासकीय महामाया महाविद्यालय पर उनकी कृपा सदैव बनी रहे।”
वहीं कार्यक्रम के आयोजक आदित्य साहु ने पूजा उपरांत सभी छात्र-छात्राओं को प्रसाद वितरण कराया तथा मां सरस्वती के जयकारे लगाकर सभी में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। बसंत पंचमी के इस आयोजन ने महाविद्यालय में संस्कार, संस्कृति और शिक्षा के महत्व को पुनः स्थापित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से छात्र-छात्राओं में उत्साह और धार्मिक आस्था और अधिक प्रबल हुई, जिससे यह आयोजन लंबे समय तक स्मरणीय बना रहेगा।



