गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
लैलूंगा | 30 जनवरी रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को नशे के उद्देश्य से व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी दुकानदारों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईस्कूल के सामने मेन रोड स्थित साक्षी स्टेशनरी के संचालक चंद्रभान पटेल और प्रिया फैन्सी एवं स्टेशनरी के संचालक उमेश पटेल द्वारा बड़ी मात्रा में व्हाइट इंक (व्हाइटनर) रखकर नाबालिग बच्चों को नशे के लिए बेचा जा रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में टीम गठित कर दोनों दुकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान 234 नग कोरस इराज-एक्स व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट (12 एमएल), जिसकी कीमत लगभग 6,990 रुपये, तथा एक रियलमी मोबाइल फोन कीमत करीब 5,000 रुपये जब्त किया गया। कुल जब्ती लगभग 11,990 रुपये की रही।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जानते थे कि यह पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इसके सेवन से बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास पर गंभीर असर पड़ सकता है, इसके बावजूद वे नाबालिगों को इसका विक्रय कर रहे थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (धारा 77) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 275 एवं 286 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन, आरक्षक सुमित एक्का एवं जितेन्द्र कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों, जुआ और सट्टा के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
गिरफ्तार आरोपी—
- चंद्रभान पटेल (उम्र 41 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08, लैलूंगा
- उमेश पटेल (उम्र 30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08, लैलूंगा



