गणेश यादव जिला संवाददाता
जशपुर | डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा आज रक्षित केंद्र जशपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत रक्षित केंद्र में आयोजित परेड की सलामी से हुई, जिसके पश्चात उन्होंने परेड का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर ने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट का सूक्ष्म अवलोकन किया। उत्कृष्ट टर्नआउट प्रदर्शित करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया। निरीक्षण परेड में कुल 134 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
परेड निरीक्षण के पश्चात डीआईजी एवं एसएसपी द्वारा रक्षित केंद्र की वाहन शाखा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान शासकीय वाहनों की अद्यतन स्थिति, रख-रखाव एवं लॉग बुक सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा वाहन चालकों को शासकीय वाहनों को बेहतर स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद रक्षित केंद्र जशपुर के सभा कक्ष में दरबार का आयोजन किया गया, जहां डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने जनता के प्रति संवेदनशील रहकर पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर जोर दिया। साथ ही थानों, चौकियों, रक्षित केंद्र, कार्यालयों एवं परिसरों में उत्कृष्ट साफ-सफाई बनाए रखने की बात कही।

डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिसकर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, फिट रहने, नशे से दूर रहने तथा वर्तमान समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर ज्ञान एवं चार पहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को कंप्यूटर व ड्राइविंग सिखाने हेतु शीघ्र ही प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दरबार के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं एवं गुजारिशें सुनी गईं, जिनका त्वरित निराकरण भी किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डीएसपी अजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी मुख्यालय आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



