अमित दुबे रिपोर्ट :-
मस्तूरी/बिलासपुर : महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मस्तुरी ब्लॉक में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा “मनरेगा बचाओ संग्राम” एवं धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। एआईसीसी एवं पीसीसी के निर्देशानुसार आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जोंधरा चौक मस्तुरी में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम किया और राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
इस सांकेतिक प्रदर्शन का नेतृत्व मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोलाराम साहू, तथा मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के विधानसभा समन्वयक भुनेश्वर यादव एवं संदीप यादव ने किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप लहरिया एवं कार्यक्रम प्रभारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में प्रस्तावित बदलाव ग्रामीण मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला हैं। मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि करोड़ों ग्रामीण परिवारों की आजीविका की पहचान है। इसमें बदलाव कर इसे केवल सरकारी अनुदान जैसी योजना बनाने की कोशिश की जा रही है, जो मजदूरों के हितों के खिलाफ है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मनरेगा का नाम यथावत रखा जाए और VB जी राम जी योजना के नाम परिवर्तन को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही, वक्ताओं ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित होने से किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कई किसान ऐसे हैं जिनकी धान की खरीदी अब तक नहीं हो पाई है और न ही उनके टोकन कटे हैं, जबकि लक्ष्य पूरा होने के दावे किए जा रहे हैं, जो जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि धान खरीदी की तारीख नहीं बढ़ाई गई, तो पार्टी इससे भी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। वक्ताओं ने कहा कि मजदूरी की गारंटी कमजोर करने से मजदूरों और किसानों का शोषण बढ़ेगा, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदर्शन के दौरान मस्तुरी तहसीलदार जयंती देवांगन मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन को स्वीकार करते हुए धान खरीदी की तारीख बढ़ाने के संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में क्षेत्रीय विधायक दिलीप लहरिया, कार्यक्रम प्रभारी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भुनेश्वर यादव, पूर्व जिला पंचायत सभापति संदीप यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोलाराम साहू, अनुसूचित जाति प्रदेशाध्यक्ष राजकुमार अंचल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शंकर यादव, जिला पंचायत सदस्य सतकली बावरे, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष सुकृता खुंटे, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित पांडेय, राष्ट्रीय कांग्रेस समन्वयक राहुल राय, जनपद सदस्य देवेन्द्र कृष्णन, ज्वाला प्रसाद बंजारे, राजू पंडित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, महिला विंग की कार्यकर्ता, किसान एवं मजदूर उपस्थित रहे।
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस आंदोलन ने मस्तुरी क्षेत्र में मनरेगा और किसानों के हक़ की लड़ाई को एक बार फिर मजबूती से सामने ला दिया है।



