गणेश भोय ब्यूरो चीफ ;-
रायगढ़, 31 जनवरी। नवापारा क्षेत्र से चोरी हुए ट्रैक्टर मामले में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर बाइक सहित करीब 10 लाख 30 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई की। 29 जनवरी को ट्रैक्टर मालिक संजय सिन्हा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27–28 जनवरी की रात उनके घर के सामने खड़ा ट्रैक्टर (क्रमांक CG-13-BB-2313) इंजन व ट्रॉली सहित चोरी हो गया है।
सीसीटीवी जांच में चार संदिग्धों की पहचान होने पर पुलिस ने दबिश दी। सूचना के आधार पर ट्रॉली बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहे रामप्रसाद सारथी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों मिथलेश सारथी, योगेश कुमार धनवार और नरेश कुमार पटैल के साथ मिलकर चोरी की वारदात कबूल की। बाद में तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर छाल रोड के पास बैहामुड़ा कटंगनारा–कोसाबाड़ी क्षेत्र से चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली (अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये) और बिना नंबर पल्सर बाइक (अनुमानित कीमत 1.30 लाख रुपये) बरामद की गई। सभी आरोपियों को अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरिश पटेल, उद्यो पटेल तथा स्थानीय युवक कालिया गुप्ता की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराध रोकने और अपराधियों की पहचान का प्रभावी साधन हैं। घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में कार्यशील सीसीटीवी लगाकर रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने से सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।



