गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से कुल 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत 10,800 रुपये बताई जा रही है, जप्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 30 जनवरी 2026 को डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि साईंटांगरटोली, ईदगाहपारा निवासी आफरीन खातून अपने घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर रखकर उसकी बिक्री करने की तैयारी कर रही है। सूचना मिलते ही थाना लोदाम प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे को टीम गठित कर तत्काल रेड कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साईंटांगरटोली स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां आफरीन खातून मौजूद मिली। पूछताछ के बाद गवाहों एवं महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर की परछी में छिपाकर रखे प्लास्टिक पन्नी के पैकेट में छोटी-छोटी 18 पुड़ियों में रखा ब्राउन शुगर बरामद हुआ। कुल वजन 8.04 ग्राम पाया गया, जिसे विधिवत जप्त कर आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त ब्राउन शुगर उसे उसके पति तस्लीम खान उर्फ चक्कर ने बिक्री के लिए दिया था। बताया गया कि आरोपी का पति पहले से ही किसी अन्य मामले में जेल में बंद है।
इस मामले में थाना लोदाम में धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी आफरीन खातून (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उप निरीक्षक सहवीर भगत, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक राजेश गोप, महिला आरक्षक लक्ष्मी बाई एवं महिला आरक्षक सुष्मिता भगत की सराहनीय भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अपने आसपास हो रही अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों की सूचना सीधे पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।



