गणेश भोय ब्यूरो चीफ ;-
रायगढ़, 31 जनवरी। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने वाले युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी को बालिका की मां ने थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 28 जनवरी की सुबह बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों में तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई।
मामले में थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 34/2026 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही गुम बालिका की शीघ्र पतासाजी के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र से बालिका को आरोपी आशीष चौहान, पिता कमलेश चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी रामभांठा रायगढ़ के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया। बालिका के कथन एवं मेडिकल जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा—
“नाबालिग बच्चों से जुड़े अपराध अत्यंत गंभीर होते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



