अमित दुबे की रिपोर्ट
कोटा/ बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा अवैध परिवहन और वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। कोटा परियोजना मंडल की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन को अवैध लकड़ी परिवहन करते हुए पकड़कर जब्त किया।जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि परिक्षेत्र भैसाझार अंतर्गत बचालि बिट से ग्राम -नवापारा — उमर मरामार्ग पर अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक CG-10BL-4663 को रोका, जिसमें सागौन (टिम्बर) की चिराई लकड़ी अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी।
मौके पर वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41(2) एवं 52 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में क्षेत्रीय महाप्रबंधक बिलासपुर के मार्गदर्शन में मंडल प्रबंधक कोटा, परियोजना परिक्षेत्र अधिकारियों सहित वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विकास निगम के अधिकारियों ने बताया कि वन अपराधों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही प्रदेशभर में अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सक्रिय रहकर वन संरक्षण को मजबूत करें।




